राज्यसभा सीट के लिए भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने किया नामांकन

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दिनेश शर्मा समेत पार्टी के सभी विधायकों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझे समर्थन दिया है। कहा कि एक साधारण से कार्यकर्ता को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली इसके बाद आज उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी एक साधारण कार्यकर्ता को दी है इसके लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ता पूरी लगन से काम करता रहे तो पार्टी अवश्य कार्यकर्ताओं का ध्यान रखती है। सिंह ने कहा कि कोई भी पद बड़ा छोटा नहीं होता है, कार्यकर्ता ही सबसे बड़ा पद होता है।
सिंह ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। संसदीय राज्यों में सबसे अधिक राज्यों में हमारी सरकारें हैं, सबसे अधिक हमारे विधायक हैं, सबसे अधिक हमारे सांसद हैं। कहा कि पार्टी की एक विचारधारा है, उस विचारधारा के आधार पर विश्व की सबसे लोकप्रिय पार्टी बनी है। कहा कि किसानों के मसीहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उसी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य बन रहा है। उत्तर प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है उसमें मुझे जो भी मौका मिलेगा मैं पूरा योगदान राज सभा के नाते करूंगा।
इससे पूर्व अरुण सिंह ने उ.प्र. के विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित से भेंट की।
नामांकन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, सुरेश खन्ना सहित सरकार के मंत्री व पदाधिकारी मौजूद रहे।