फेरो के समय दुल्हन ने इनकार किया


 


बदायूं। बदायूं में शादी के दौरान दूल्हे को दौरा पड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन अपने कमरे में चली गई। इसके बाद शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे के परिवारवालों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। मामला थाने पहुंच गया।


बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम भूरीपुर निवासी पूरन सिंह की बेटी हेमलता की बीते गुरुवार को बरात आई थी। बरेली के आंवला में रहने वाला दूल्हा रवि पुत्र पीतम सिंह बरात लेकर पहुंचा था। द्वारचार हुआ, इसके बाद स्टेज पर जयमाला हुआ और रात में शादी का कार्यक्रम चल रहा था।


शुक्रवार तड़के सात फेरों के वक्त दूल्हे को अचानक दौरा पड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन उठकर अंदर कमरे में चली गई। जब दूल्हा उठा तो दुल्हन को दोबारा बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आई। दुल्हन ने कहा कि वह अब ये शादी नहीं करेगी। दूल्हे के परिवारों ने दुल्हन को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी। मामला थाने पहुंचा जहां देर रात तक दोनों पक्ष बैठे रहे, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।