राजा लक्ष्मेश्वर सिंह की स्मृति में राजभवन में आयोजन 16 को,राजमाता लिखित पुस्तक का होगा विमोचन, इतिहास के रहस्यों को उजागर करेगी पुस्तक,होगा कवि सम्मेलन, कथक नृत्य का आयोजन

बस्ती। राजा लक्ष्मेश्वर सिंह सेवा संस्थान द्वारा 16 अप्रैल शनिवार को आयोजित कार्यक्रमों के बावत राजमाता आशिमा सिंह, इनके पुत्र राजा ऐश्वर्यराज सिंह और पुत्री अनन्या सिंह ने पत्रकारों से मुखातिब होकर कार्यक्रम की रुपरेखा साझा किया। इस कार्यक्रम में राज माता आशिमा सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘सर-ज़मीन-ए-हिन्द’ पुस्तक का विमोचन किया जायेगा। राज माता आशिमा सिंह ने कहा कि उनकी पुस्तक स्वतंत्रता संग्राम आन्दोलन, भारतीय राजनीति और सामाजिक सृजन, संघर्षो के अनेक रहस्यों से पर्दा उठायेगी।

ऐश्वर्य राज सिंह ने बताया राजा लक्ष्मेश्वर सिंह सेवा संस्थान द्वारा 16 अप्रैल शनिवार को सायं 4 बजे से 7 बजे तक उदीयमान कवि सम्मेलन, सायं 7 से 8 बजे तक बिरजू जी महाराज के पौत्र एवम अन्तराष्ट्रीय कथक कलाकार पंडित अनुज मिश्रा द्वारा प्रस्तुति के बाद राज माता आशिमा सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘सर-ज़मीन-ए-हिन्द’ पुस्तक का विमोचन किया जायेगा। इसके बाद रात्रि 8.30 बजे से कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया है। कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय रचनाकारों, साहित्यकारों, कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराना है। 

राजा लक्ष्मेश्वर सिंह की पुत्री अनन्या सिंह ने कहा कि उनके पिता की स्मृति में यह आयोजन निश्चित रूप से हमें सामाजिक संचेतना के कई बिन्दुओं से जोड़ेगा।उन्होंने आगे कहा कि अन्तरराष्ट्रीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले कार्यक्रमों भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन पर आधारित शानदार झांकी प्रस्तुत की जाएगी, जो आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगी।  अनन्या सिंह बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। ये नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया जी के साथ ई संजीवनी प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही हैं। राजभवन में होने वाले कार्यक्रमों के संयोजन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रेस वार्ता में आयोजन मण्डल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।