19 फरवरी से बस्ती महोत्सव का होगा आयोजन,स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मौका,कोरोना योद्वाओं को समर्पित है बस्ती महोत्सव 2021

 


अनेको धरोहरों को समेटे बस्ती का अपना एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली इतिहास - सांसद हरीश द्विवेदी

- इस बार कार्यक्रम को और भव्यता प्रदान की जायेगी, स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मौका

- कोरोना योद्वाओं को समर्पित है बस्ती महोत्सव 2021

बस्ती। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 19 फरवरी से बस्ती महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। इस वर्ष कोरोना काल के कारण कार्यक्रम को संक्षिप्त किया गया है। लेकिन महोत्सव की भव्यता पिछले वर्ष से अधिक होगी। बस्ती महोत्सव इस बार तीन दिन के लिए होगा जो 19 से शुरू होकर 21 फरवरी को समाप्त होगा। उक्त बातें सांसद हरीश द्विवेदी ने सर्किट हाउस मे पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।

उन्होने कहा कि वर्ष 2019 मे विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठानों से आर्थिक सहयोग लिया गया था। लेकिन इस बार किसी से आर्थिक सहयोग नहीं लिया जायेगा। जो स्वेच्छा से सहयोग करना चाहते हैं वे कर सकते है। उन्होने कहा कि अनेको धरोहरों को समेटे बस्ती का अपना एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली इतिहास रहा है। उसे बनाये रखने के लिए पूर्व जिलाधिकारी डॉ0 राजशेखर ने वर्ष 2019 मे बस्ती महोत्सव का शुभारम्भ किया था। उस परम्परा को आगे बढ़ाते हुए इस बार बस्ती महोत्सव 19 फरवरी से प्रारम्भ होकर 21 फरवरी 2021 तक चलेगा। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार कार्यक्रम को और भव्यता प्रदान की जायेगी। महोत्सव मे स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जायेगा।

जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कहा कि गत वर्ष के तुलना मे इस बार कार्यक्रम को शॉर्ट किया गया है। लेकिन समारोह की भव्यता पिछले वर्ष से अधिक होगी। उन्होने कहा कि पिछले वर्ष बस्ती महोत्सव मे जिन्होने सहयोग प्रदान किया था। उन दान दाताओं की सूची ऑनलाईन प्रकाशित, प्रसारित किया गया था। किन्तु कुछ दूषित मानसिकता के लोगों ने महोत्सव समिति पर गंभीर सवाल भी उठाये थे। उन्होने कहा कि समिति पर लगाये गये आरोपों की जांच भी करायी गयी, थी। जिसमें आरोप बेबुनियाद व झूठा पाया गया था। उन्होने कहा कि, बस्ती महोत्सव 2021 कोरोना योद्वाओं को समर्पित है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना, मुख्य राजस्व अधिकारी नीता यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।