श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल में हुआ आंत का सफल आपरेशन,परवीन को मिली नई जिन्दगी


बस्ती । कोरोना संकट काल में श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल बरगदवा की सेवायें अबाध गति से जारी हैं। इस संकटकाल में अनेक मरीजों की प्राण रक्षा करने में अस्पताल के चिकित्सकों को सफलता मिली है। इसी कड़ी में सिद्धार्थनगर  जनपद के डुमरियागंज निवासी रसूल मोहम्मद के 21 वर्षीया पुत्री परवीन के आंत का सफल आपरेशन करके उसे नया जीवन दान दिया।



अस्पताल के चेयरमैंन बसन्त चौधरी ने बताया कि परवीन की बड़ी और छोटी आंत एक दूसरे में घुस गई थी। वह कई अस्पतालों से होकर आई थी, श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल के चिकित्सकों ने इस आपरेशन को चुनौती के रूप में लिया। चार घंटे के लम्बे आपरेशन के बाद उसे नया जीवन मिला।  कहा कि हास्पिटल को तकनीकी स्तर पर समृद्ध करने की दिशा में लगातार प्रयास जारी है, इसी का परिणाम है कि कठिन आपरेशन भी सहजता से हो जा रहे हैं जिसके लिये मरीजों को लखनऊ, दिल्ली भटकना पड़ता था।


वरिष्ठ सर्जन डा. अमित नायक ने बताया कि परवीन को जिस समय हास्पिटल लाया गया उसे असहनीय दर्द था, आपरेशन का निर्णय लिया गया जो सफल रहा। जनपद में इस प्रकार का यह पहला जटिल सफल आपरेशन है।


 इस आपरेशन में डाक्टर असरार और सर्जिकल टीम जितेन्द्र, सुनील, मनोज, मोनू आदि का योगदान रहा।