नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए मंगलवार बड़ी मंगल खबर लेकर आया। दरअसल, मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिसकी रिपोर्ट में नेगेटिव आई है। इस खबर के आते ही केजरीवाल सरकार में शामिल कैबिनेट में शामिल मंत्रियों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस की आशंका के चलते मुख्यमंत्री रविवार दोपहर बाद से होम आइसोलेशन में थे। उन्होंने घर मे अन्य लोगों से अपने को अलग कर लिया था। रविवार दोपहर बाद से मुख्यमंत्री की तबीयत खराब है। उन्हें हल्का बुखार है और गले मे खराश और दर्द है। उनका मंगलवार सुबह को कोविड-19 के लिए परीक्षण किया गया था।
डायबिटीज से पीड़ित हैं केजरीवाल
केजरीवाल डायबिटीज से पीड़ित हैं। उन्होंने रविवार को राज्य मंत्रिमंडल की एक बैठक की अध्यक्षता की थी। जिसमें सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों के उपचार और दिल्ली के बॉर्डर खोलने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। मगर दोपहर बाद उन्हें बुखार की शिकायत हुई। उसके बाद वह रविवार से किसी से मिले नहीं हैं। उन्होंने सभी बैठकों को रद्द कर दिया है। इससे पहले केजरीवाल कोरोना वायरस की स्थिति पर लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने ट्वीट कर कहा कि भगवान का शुक्र है कि सीएम केजरीवाल को कोरोना नहीं है। उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है।
कई नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने सीएम केजरीवाल के जल्द ठीक होने की कामना की है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने ट्वीट किया, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर फोन कर उनकी कुशल क्षेम पूछी। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शीघ्र स्वस्थ हों। इनके अलावा कुमार विश्वास, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत दिल्ली और देश के अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर केजरीवाल के स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, आप नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, विधायक सौरभ भारद्वाज, आतिशी, दिलीप पांडेय, राघव चड्ढा सहित पार्टी के सभी नेताओं ने केजरीवाल के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।
[वीके शुक्ला]।