नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के एक सिपाही के लिए फर्ज से बड़ा धर्म हो गया।
दिल्ली पुलिस के एक जवान के लिए फर्ज से बड़ा धर्म हो गया। वह जमातियों को अवैध रूप से यूपी बॉर्डर पार करा रहा था।
दिल्ली से तो उसने जमातियों को निकाल दिया, लेकिन यूपी की सीमा में पुलिस ने उसे धर दबोचा। जमातियों और सिपाही को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। इससे सम्बंधित सूचना दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उन्होंने पुलिस मुख्यालय में तैनात सिपाही इमरान को सस्पेंड कर दिया। हालांकि इस मामले पर दिल्ली पुलिस का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, सिपाही इमरान 31 मार्च की रात कुछ जमातियों को लेकर पूर्वी दिल्ली स्थित यूपी की सीमा पर पहुंचा। यहां उसने वर्दी का प्रभाव दिखाकर जमातियों को दिल्ली की सीमा पार करा दी। इसके बाद वह यूपी पुलिस के पास पहुंचा और खुद को दिल्ली पुलिस का स्टाफ होने का रौब देकर जमातियों को निकालने की कोशिश की। इसी दौरान उसने यूपी पुलिस को मरकज में हुई कार्रवाई की जानकारी दे दी।
इसके बाद यूपी पुलिस ने सभी जमातियों को वहीं पर रोका अैर इमरान को भी हिरासत में ले लिया। सभी को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। बाद में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई। दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान पता चला है कि पकड़े गए सभी जमाती इमरान के जानकार थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।