संत कबीरनगर:- 23 नए पॉजिटिव मिलने से कुल संख्या 105 हुई,ठीक हुए 35, मृतक 6

संतकबीरनगर, जिले में सोमवार को आई रिपोर्ट में 23 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है। पॉजिटिव पाए गए लोगों की सूची में बखिरा क्षेत्र के समदा गांव की मां- बेटे- बेटी और महुली क्षेत्र के कोदवट गांव के दो सगे भाई भी शामिल है। अब तक कुल 105 लोग पॉजिटिव मिल चुके है। जबकि छह संक्रमित की मौत हो चुकी है


एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 23 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। जिसमें बखिरा क्षेत्र के आठ, महुली क्षेत्र के 12, कोतवाली क्षेत्र के दो और दुधारा क्षेत्र का एक शख्स पॉजिटिव मिला है।पॉजिटिव मिले लोगों में बखिरा क्षेत्र के समदा गांव के एक ही परिवार के चार लोग शामिल है। जिसमें 35 वर्षीय मां, दस वर्षीय बेटा, 13 वर्षीय बेटा और 18 वर्षीय बेटी भी शामिल है।


संक्रमित मिली महिला का पति और 14 वर्षीय बेटा पूर्व में ही पॉजिटिव मिले थे। 18 मई को पति- पत्नी और बच्चे कार से मुंबई से आए थे। बखिरा क्षेत्र के बूंदीपार के भर टोलिया की 28 वर्षीय युवती भी पॉजिटिव मिली है। इसके अलावा उसी क्षेत्र के ढोढ़या गांव के तीन लोग क्रमशः 42 वर्षीय , 18 वर्षीय और 41 वर्षीय शख्स पॉजिटिव मिले है।


संक्रमितों में कई युवा भी हैं शामिल


महुली क्षेत्र के अलग-अलग गांव के रहने वाले 12 लोग पॉजिटिव पाए गए है। इसमें कोदवट गांव के छह लोग शामिल है। जिसमें दो सगे भाई 40 वर्षीय और 35 वर्षीय भी पॉजिटिव मिले है। दोनों भाई मुंबई से आए थे। महुली क्षेत्र के चंदीपुर गांव के पांच लोग पॉजिटिव पाए गए है। महुली क्षेत्र के ही रतनपुरा गांव का 25 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है।


युवक मुंबई में एक कंपनी में पॉवर लूम चलाने का काम करता था। युवक ट्रक से मुंबई से 18 मई को लौटा था। दुधारा क्षेत्र के पचपोखरी गांव निवासी 46 वर्षीय शख्स भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह मुंबई से 16 मई को ट्रेन से जौनपुर तक आया था। फिर जौनपुर से बस से खलीलाबाद ट्रांजिट सेंटर पहुंच कर थर्मल स्क्रीनिंग कराया था। घर पर क्वारंटीन था। 24 मई को बुखार हुआ तो जिला अस्पताल लाया गया था। वर्तमान में जिला अस्पताल में ही क्वारंटीन है।


 कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव के दो लोग पॉजिटिव मिले है। जिसमें जोरवा गांव का 44 वर्षीय शख्स है। शख्स मुंबई से 16 मई को खलीलाबाद ट्रांजिट सेंटर पहुंच कर थर्मल स्क्रीनिंग कराया था। 24 मई को बुखार हुआ तो जिला अस्पताल पहुंचा था, जहां क्वारंटीन है। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के पैलीखास का निवासी 60 वर्षीय वृद्ध भी पॉजिटिव मिला है।


मुंबई से वृद्ध किराए के कार से 19 मई को लौटा था। थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद घर पर क्वारंटीन था। वृद्घ 24 मई को स्वेच्छा से जिला अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों ने उसका नमूना लेकर जांच को भेजा था। वृद्ध जिला अस्पताल में क्वारंटीन है।


रिपोर्ट आई तो वृद्ध पॉजिटिव मिला। अपर सीएम डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि सोमवार को आई रिपोर्ट में 23 लोग पॉजिटिव मिले है। पॉजिटिव मिले लोगों को सेंट थॉमस इंटर कॉलेज में बनाए गए एलवन हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। अब तक 105 लोग पॉजिटिव मिल चुके है। जबकि छह संक्रमित की मौत हो चुकी है। जबकि 35 लोग ठीक होकर घर जा चुके है।